Rajasthan Top Breaking News In 30 Seconds:राजधानी जयपुर में निकाली गणेश जी की भव्य शोभा यात्रा, जानिए राजस्थान से जुडी हर छोटी-बड़ी खबर बस 30 सेकंड में
जयपुर न्यूज़ डेस्क। राजस्थान में अब तक क्या रहीं सुर्खियां, कहां जारी है अपराध और किन मुद्दों पर जारी है सियासत। जानिए राजस्थान से जुडी हर छोटी-बड़ी खबर बस 30 सेकंड में....
दो साल बाद गजानंद निकले नगर भ्रमण के लिए, राजधानी जयपुर में निकाली गणेश जी की भव्य शोभा यात्रा
आज राजधानी जयपुर में गणेश जी भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली जा रहीं है। गणपति महोत्सव समिति की ओर से मोती डूंगरी गणेश मंदिर से आज आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा निकाली गई है। यह शोभायात्रा दोपहर 3 बजे ध्वज पूजन के बाद रवाना की गई है। शोभायात्रा में नोबत नगाड़ों की झांकी, अमृत महोत्सव की तिरंगा झांकी, त्रिपोलिया गेट पर गणेश जी रिद्धि-सिद्धि के साथ पृथ्वी पर नृत्य करते की झांकी, बालरूपी गणेश जी और शिव की पीठ पर खेलते गणेश जी की झांकी नजर आई है।
सीकर में नाबालिग की मौत का मामला, परिजनों ने लगाया पुलिस पर हत्या का आरोप
सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे के खीरवा गांव में एक 17 वर्षीय नाबालिग की मौत को लेकर बवाल हो गया है। लक्ष्मणगढ़ पुलिस की पिटाई से नाबालिग की मौत का आरोप लगाते हुए परिजनों व ग्रामीणों ने यहां शव रास्ते पर ही रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस की पिटाई से नाबालिग के खून की उल्टी शुरू हो गई थी। जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में नाबालिग के परिजनों व ग्रामीणों के साथ भाजपाइयों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कोटा में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 30 लाख रूपए से ज्यादा का हुआ नुकसान
कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके में आज एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। जिसके चलते 30 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि फैक्ट्री में उस समय कोई मजदूर नहीं था। दमकल की 4 गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि उद्योग नगर इलाके में इंडस्ट्रियल एरिया में एरोमेटिक नामक केमिकल फैक्ट्री है। जहां यह भीषण आग लगी है।
प्रदेश में आज से इलेक्ट्रिकल व्हिकल पॉलिसी 5 साल तक के लिए लागू कर दी गई है। पॉलिसी को लेकर गजट नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इलेक्ट्रिकल कार खरीदने पर 30 से 50 हजार की छूट मिलेगी। पॉलिसी में निजी कारों की छूट के साथ पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्हीकलों की खरीद पर भी छूट दी गई है। इलेक्ट्रिक बस खरीदने वाले को 5 लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना जल्द ही अजमेर यात्रा पर आएगी। प्रस्तावित अजमेर यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में बांग्लादेश के डिप्टी चीफ ऑफ प्रोटोकॉल का दल कल अजमेर पहुंच चूका है। दल की ओर से आज सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक ली जाएगी।
राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। कांग्रेस अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जल्द चुनाव करने वाली है। कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा यह तो 17 अक्टूबर को होने वाले चुनाव परिणाम के बाद ही साफ हो पाएगा। लेकिन प्रदेश भाजपा के नेता कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर सीएम अशोक गहलोत की नहीं, बल्कि राहुल गांधी की ताजपोशी होती देखना चाहते हैं।
कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा का परिणाम आज जारी, जाने अपना रिजल्ट
कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा का परिणाम आज जारी कर दिया गया है। करीब 7000 अभ्यर्थियों को पास किया गया। बोर्ड अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने जानकारी दी है कि 10,000 पदों पर कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा हुई थी। 18 और 19 जून को भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 18 और 19 जून को आयोजित कम्प्यूटर शिक्षक भर्ती का परिणाम बुधवार को जारी कर दिया गया है।
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट 7 सितंबर को 45 साल के हो जाएंगे। वैसे तो सचिन पायलट ने जब राजस्थान कांग्रेस की अध्यक्ष के तौर पर कमान संभाली थी, तब से ही हर बार उनके जन्मदिन पर उनके समर्थक बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन करते हैं। ऐसे में हर किसी की नजर इस बात पर होगी ही कि कितनी बड़ी तादाद में इस बार पायलट समर्थक उन्हें जन्मदिन की बधाइयां देने पहुंचते हैं। इसके अलावा सबसे बड़ी नजर अगर राजस्थान के सभी राजनीतिक केंद्रों की होगी।
प्रदेश में लंपी वायरस का कहर जारी, राज्य में बीते 4 दिन से पशु चिकित्सकों की तालाबंदी से हालात बिगड़े
राजस्थान में एक ओर लम्पी वायरस को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग मुख्यमंत्री अशोक गहलोत केंद्र सरकार से करते नजर आ रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर इस बीमारी से निपटने के लिए सरकार अपने ही राज्य में 4 दिनों से पशु चिकित्सकों की तालाबंदी नहीं खुलवा सकी है। हालात ये है कि लम्पी बीमारी से प्रदेश में अब तक 38 हजार से ज्यादा गायों की मौत हो चुकी है।
सीकर में नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने कुल 1 लाख 1600 के नकली नोट किए बरामद
सीकर में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। सीकर जिले की रींगस थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक के पास से कुल 1 लाख 1600 के नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को नकली नोटों की तस्करी किए जाने की मुखबिर से सूचना मिली थी। जिस पर कार्यवाई करते हुए पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
