Rajasthan Politics: गुजरात और हिमाचल के चुनावों की मतगणना जारी, राजस्थान कांग्रेस के इन स्टार प्रचारकों की होगी आज परीक्षा
जयपुर न्यूज डेस्क। राजस्थान के सरदारशहर उपचुनाव के परिणाम के साथ आज गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी मतगणना जारी है। ऐसे में आज राजस्थान कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के लिए परीक्षा की घड़ी साबित होने वाली है। फिलहाल गुजरात चुनाव में शुरूआती परिणामों में बीजेपी का डंका बजता दिखाई दे रहा है। जो कि सीएम गहलोत के लिए काफी चिंताजनक हो सकता है। इन चुनावों में किसके सिर बंधेगा जीत का ताज, इसका असर चुनाव के दौरान प्रचार करने वाले स्टार प्रचारकों पर भी पड़ेगा। खासकर राजस्थान कांग्रेस के उन नेताओं पर ज्यादा असर होगा जो सत्ता के शीर्ष पर हैं। जब हिमाचल प्रदेश और गुजरात के लिए कांग्रेस ने अपने 40-40 स्टार प्रचारकों के नामों की लिस्ट जारी की थी, तो उसमें राजस्थान के तीन बड़े चेहरे थे। जिसमे सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट और डॉ. रघु शर्मा के कंधे पर गुजरात और हिमाचल की बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी।

सीएम अशोक गहलोत को गुजरात विधासनसभा के लिए सीनियर ऑब्जर्वर और सचिन पायलट को हिमाचल प्रदेश का पर्यवेक्षक बनाया गया था। आज परिणाम का दिन है, इसलिए इन नेताओं पर सबकी नजरें गड़ी हैं। गुजरात चुनाव में अशोक गहलोत और डॉ रघु शर्मा ने धुआंधार रैलियां और सभाएं की हैं। सचिन पायलट की भी कुछ रैलियां हुई थीं। 31 अक्टूबर को ही 4 जनसभाओं को संबोधित किया था। एक आकड़ें के अनुसार गुजरात के 51 शहरों में 15 लाख से ज्यादा राजस्थानी है। इनमें 4 लाख आदिवासी बताए गए हैं, जो दक्षिण राजस्थान से हैं। गुजरात के दो बड़े जिलों में ही 5 लाख राजस्थानी रहते हैं। सूरत में 2.75 लाख और अहमदाबाद में 2.25 लाख से ज्यादा राजस्थानी बसे हैं। वहीं अशोक गहलोत ने कहा है कि गुजरात चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम आएंगे,लेकिन जारी मतगणना में बीजेपी 152 , कांग्रेस को 17 और सीटे मिलती नजर आ रही है।

हिमाचल के लिए सचिन पायलट भी आश्वस्त नजर आ रहे हैं। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने हिमाचल प्रदेश में खूब रैलियां और सभाएं की थीं। सचिन पायलट को हिमाचल कांग्रेस का प्रदेश पर्यवेक्षक बनाया गया था। इन्होंने 7-8 दिन में ताबड़तोड़ 22 सभाएं कर डाली थी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कई रैलियां और सभाएं की थी, तो इस बार हिमाचल में जनता ने अपना मूड बदला है या नहीं यह आज का परिणाम तय करेगा। हालाँकि हिमाचल में बीजेपी 32 और कांग्रेस 33 सीटे पर नजर आई है। लेकिन अभी क्या पायलट के लिए यह परिणाम मुफीद रहता है? इस चुनाव के परिणाम का असर पायलट के कॅरियर पर पड़ेगा।
