Rajasthan Weather Update : रात का पारा गिरने से पत्तों पर ओस की बूंदें बनने लगी बर्फ, माउंट में पारा 2 डिग्री पर पहुंचा, अगले 48 घंटे में और गिरेगा पारा

सिरोही न्यूज़ डेस्क,राजस्थान में सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। रात का पारा लगातार गिर रहा है। पत्तों पर जमी ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो रही हैं। साथ ही कोहरा भी है। अब धीरे-धीरे सर्दी का तेवर और तेज होंगे। अगले 48 घंटे में पारा 2 डिग्री और गिरेगा।
मौसम विभाग के अनुसार बीती रात कई शहरों में न्यूनतम तापमान यहां की सर्दी में गिरावट के कारण और बढ़ गया। कोटा, बूंदी, बारां समेत कई शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। कोटा में बीती रात बीते 11 साल में सबसे ठंडी नवंबर की रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हाड़ौती अंचल के अलावा हिल स्टेशन माउंट आबू में भी आज तापमान 2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि शेखावाटी के चूरू सीकर में तापमान बढ़ने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और सर्द हवाओं का असर रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट की संभावना है.
जयपुर में आज के मौसम पर नजर डालें तो सुबह के समय काफी ठंड थी और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह धूप निकलने के साथ ही ठंड का असर कम हो गया और धूप खिली दिखाई देने लगी। जयपुर में लगातार दूसरे दिन रात का तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसी तरह अलवर, पाली, जोधपुर और टोंक में भी पिछले दो दिनों से तापमान स्थिर बना हुआ है। वहीं, अन्य शहरों गंगानगर, धौलपुर, बाड़मेर, उदयपुर, सिरोही, डूंगरपुर, बारां में कल की तुलना में बीती रात न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी.
इस बार नवंबर के महीने में कोटा में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ी है. बीती रात यहां का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले साल 2020 में कोटा में तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 11 साल में नवंबर में सबसे कम तापमान था। लेकिन यह रिकॉर्ड भी आज टूट गया। कोटा में 2012 से नवंबर में सिर्फ एक बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया है।
शेखावाटी में पिछले एक सप्ताह से लगातार गिर रहे तापमान पर आज विराम लगा। चुरू, फतेहपुर, सीकर में तापमान में आज 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली. हालांकि सुबह और शाम के समय पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। खुले में रहने वाले लोगों के लिए यहां सुबह-शाम अलाव ही ठंड से बचने का एकमात्र सहारा है। सीकर में न्यूनतम तापमान आज 2.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 8, जबकि चूरू में न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री बढ़कर 5 डिग्री सेल्सियस हो गया।