Rajasthan Politics: सरदारशहर में मिली हार के बाद सतीश पूनिया का बड़ा बयान, कहा-राजस्थान में जन धारणा है कि हर बार बदलती है सत्ता
जयपुर न्यूज डेस्क। राजस्थान के सदारशहर उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर भारी मतों से जीत दर्ज है। इस उपचुनाव में बीजेपी को मिली हार के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का बड़ा बयान सामने आया है। सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा- हम गलतियों से सबक सीखेंगे। पूनिया बोले कि राजस्थान में जन धारणा है कि हर बार सत्ता बदलती है, दूसरा एंटी इनकम्बेंसी है। तीसरा हम और मेहनत करेंगे। सरदारशहर में परिणाम हमारी अपेक्षा के मुताबिक नहीं आए। इस सीट का इतिहास कुछ ऐसा ही रहा है। यहां एक बार ही बीजेपी को जीत मिली है। चुनाव में कार्यकर्ताओं ने मेहनत की। नेताओं ने समय दिया। लेकिन एक तो सहानुभूति रही और दूसरा ठीक 8 महीने बाद के चुनाव वहां के लोगों के दिलों-दिमाग पर थे। इसलिए परिणााम हमारे खिलाफ रहे। मैं फिर भी सरदारशहर की जनता को बीजेपी को दिए समर्थन और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि, मैं कार्यकर्ताओं की मेहनत के लिए आभार जताता हूं। मुझे लगता है ये उपचुनाव जीतने से कांग्रेस खुशफहमी में हो सकती है। लेकिन 2023 के ना मुद्दे बदले हैं, ना दिशा बदली है। 2023 में ये सीट भी जीतेंगे और राजस्थान में दो तिहाई बहुमत के साथ बीजेपी काबिज होगी। क्योंकि मुद्दे वही हैं। हो सकता है इस चुनाव में मुद्दों पर जनता ने मतदान ना किया हो। लेकिन अपराध, किसान कर्जामाफी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से लेकर बुनियादी विकास आगे के चुनाव में बड़े मुद्दे होंगे और वो सत्ता परिवर्तन का कारण होंगे।
राजस्थान में कानून व्यवस्था को लेकर पीएचक्यू में महामंथन, सीएम गहलोत ने बैठक में लिए कई अहम फैसले

गुजरात की ऐतिहासिक जीत भारतीय जनता पार्टी के लिए नई ऊर्जा का काम करेगी; सभी को बधाई। pic.twitter.com/8r4PtgaeNU
— Satish Poonia (@DrSatishPoonia) December 8, 2022
सतीश पूनिया ने कहा कि गुजरात का चुनाव भारत के लिए एक शुभ संकेत है। क्योंकि जिस तरह मोदीजी की पॉलिटिक्स और परफॉर्मेंस ने देश के बुनियादी विकास को ताकत दी और वैचारिक मुद्दों का समाधान किया। उसी तरह गुजरात की जनता ने शांति, समृद्धि और सुरक्षा के मुद्दे पर मतदान किया। यही कारण है कि गुजरात आज राष्ट्रवाद के साथ खड़ा है। गुजरात का मैंडेट राजस्थान में 2023 में निश्चित रूप से बीजेपी को ताकत देगा। कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाएगा। यहां के समर्थक और शुभचिंतकों को ऊर्जा देगा, मोटिवेशन देगा। इसलिए गुजरात की जनता को धन्यवाद है। बीजेपी के वो तमाम कार्यकर्ता जिन्होंने मेहनत से गुजरात की 43 सीटों पर प्रचार किया। उन सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को मेरी शुभकामनाएं और धन्यवाद है। निश्चित रूप से यह रीत बीजेपी के लिए और ज्यादा ऊर्जा का काम करेगी। 2023 में राजस्थान का रास्ता खोलेगी और 2024 में हिन्दुस्तान का रास्ता खोलेगी।

बता दे कि चूरू के सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी अशोक कुमार पिंचा की करारी हार हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा ने 26 हजार 852 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। अनिल कुमार शर्मा को 15वें राउंड तक कुल 90915 वोट, अशोक कुमार पिंचा को 64219 वोट, आरएलटीपी के लालचंद मूंड को 46628 वोट मिले हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को 40, बीजेपी को 25 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं। वही गुजरात में बीजेपी को 182 में से 156 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस केवल 17 सीटों पर समिट गई। आम आदमी पार्टी के 5 सीटें आई हैं। अन्य के खाते में 4 सीटें गई हैं।
