Aapka Rajasthan

उदयपुर में बछड़े का शव मिलने पर हंगामा, धड़ से गायब था सिर; देर रात विधायक और महापौर भी पहुंचे मौके पर

 
उदयपुर में बछड़े का शव मिलने पर हंगामा, धड़ से गायब था सिर; देर रात विधायक और महापौर भी पहुंचे मौके पर

उदयपुर की माली कॉलोनी में मंदिर के पीछे खाली प्लॉट में गाय के बछड़े का शव मिलने से इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। शव मिलने की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। बछड़े के धड़ से सिर गायब मिलने की बात सामने आने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई और विरोध शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए देर रात विधायक और महापौर भी घटनास्थल पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, माली कॉलोनी में मंदिर के पीछे स्थित खाली प्लॉट में लोगों को बछड़े का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना आसपास के लोगों तक पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। शव की हालत देखकर लोगों में रोष फैल गया। स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

चौथी घटना होने का दावा

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में गौवंश का शव मिलने की यह चौथी घटना है। उनका आरोप है कि पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार इस तरह के मामले होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की।

घटना की सूचना मिलने पर सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात विधायक और महापौर भी मौके पर पहुंचे और लोगों से चर्चा की।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बछड़े की मौत कैसे हुई और उसका सिर धड़ से अलग होने के पीछे क्या वजह है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।