Aapka Rajasthan

Udaipur सर्दी धीरे-धीरे जा रही, पिछले 10 में से 5 सालों में जनवरी के तीसरे हफ्ते से ही दिन गर्म रहे

 
Udaipur सर्दी धीरे-धीरे जा रही, पिछले 10 में से 5 सालों में जनवरी के तीसरे हफ्ते से ही दिन गर्म रहे

उदयपुर न्यूज़ डेस्क, उदयपुर सर्दी हौले-हौले दूर हो रही है। लगातार दूसरे दिन नरमी के बावजूद बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ऊपर 27.5 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान भी 0.1 डिग्री मामूली बढ़कर 9.1 दर्ज हुआ। जनवरी में इसका औसत 7.6 ही है।शीतलहर थमने के साथ मौसम में यह बदलाव आया है। दिन का पारा 24 घंटे में 0.7, जबकि दो दिन में 2.1 डिग्री तक गिरा है। दूसरी तरफ रातें 9 डिग्री के इर्द-गिर्द हैं।उधर डबोक में दिन 1.1 डिग्री बढ़कर 28.8 और रात 0.6 बढ़कर 12.3 डिग्री दर्ज हुई। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान मामूली नरम रह सकता है, लेकिन दिन के पारे में बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं। मौसम का ट्रेंड भी यही है। बीते 10 में से 5 साल जनवरी के तीसरे और चौथे सप्ताह में पारा सामान्य से ऊपर रहा है। रात का सिर्फ 3 बार ज्यादा रहा।

आज से कम होगा विक्षोभ का असर, रात वापस कुछ ठंडी होगी

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. हिमांशु शर्मा ने बताया कि प्रदेश के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव गुरुवार से कम होगा। इसके बाद ‌उदयपुर समेत शेष राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। यहां रात का तापमान 1-2 डिग्री तक गिर सकता है। इसमें 25 जनवरी के बाद फिर से हल्की बढ़ोतरी शुरू होगी। अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। यह औसत से अधिक ही रहेगा। कुल-मिलाकर तेज ठंड की संभावना नहीं है। सुबह-शाम सुहानी ठंड रहेगी।