उदयपुर में अफीम-गांजे की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, 9 क्विंटल से ज्यादा पौधे नष्ट
जिले के भींडर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाणुंद के भिखावानिया गांव में चार अलग-अलग खेतों में की जा रही अफीम और गांजे की खेती को नष्ट कर दिया। पुलिस ने मौके से 9 क्विंटल से अधिक अवैध पौधे जब्त कर नष्ट किए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के बाहरी इलाके में कुछ खेतों में चोरी-छिपे अफीम और गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेतों में दबिश दी। जांच के दौरान चार अलग-अलग स्थानों पर बड़े पैमाने पर अवैध पौधे लगे मिले।
पुलिस ने मौके पर ही पौधों को उखाड़कर नष्ट किया और उनका वजन किया गया, जो 9 क्विंटल से अधिक पाया गया। यह मात्रा अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये की बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान खेत मालिकों और संदिग्धों की पहचान भी की गई है।
थानाधिकारी ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जिलेभर में सख्त अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। संबंधित लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खास बात यह है कि इसी इलाके में करीब एक साल पहले भी पुलिस ने अफीम और गांजे की खेती को लेकर बड़ी कार्रवाई की थी। इसके बावजूद दोबारा अवैध खेती सामने आने से पुलिस ने सख्ती और बढ़ा दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई है।
