Aapka Rajasthan

उदयपुर में कार की टक्कर से घायल हुआ लेपर्ड, रेस्क्यू के दौरान वनकर्मी पर किया हमला

 
उदयपुर में कार की टक्कर से घायल हुआ लेपर्ड, रेस्क्यू के दौरान वनकर्मी पर किया हमला

उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र स्थित चित्रकूट नगर में बुधवार देर रात एक लेपर्ड सड़क हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से लेपर्ड घायल हो गया और सड़क किनारे तड़पता मिला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान घायल और घबराया हुआ लेपर्ड अचानक आक्रामक हो गया। उसने वन विभाग की टीम के एक सदस्य पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। हमले में वनकर्मी के दोनों हाथों और चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल लेपर्ड दर्द और तनाव की स्थिति में था, जिसके कारण उसने रेस्क्यू के दौरान हमला कर दिया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद लेपर्ड को काबू में लेकर सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वन विभाग ने आमजन से घायल वन्यजीवों के पास नहीं जाने और ऐसी स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है।