Aapka Rajasthan

Udaipur देवाली आवासीय योजना की लॉटरी इस माह के अंत तक निकलेगी

 
Udaipur देवाली आवासीय योजना की लॉटरी इस माह के अंत तक निकलेगी
उदयपुर न्यूज़ डेस्क, उदयपुर  राजस्थान आवासन मंडल की उदयपुर के देवाली में गोवर्धन विलास स्थित आवासीय योजना की लॉटरी इसी माह के अंत तक निकाली जाएगी। दो दिन पहले 7 जुलाई को यह लॉटरी निकाली गई थी, लेकिन तकनीकी खामी के कारण ऑनलाइन तरीके से लॉटरी नहीं निकल पाई। बढ़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भारी विरोध किया था और विभाग पर अनियमितताओं का आरोप लगाया था।अब विभाग के अफसरों का कहना है कि पिछली कमियों को दूर करते हुए इसी माह के अंत तक लॉटरी वापस निकाली जाएगी। इस बार लॉटरी स्थल लोगों की बैठक के हिसाब से बढ़ा रखा जाएगा। ताकि ज्यादा संख्या में लोग आसानी से शामिल हो सकें। स्थान, समय और तारीख के बारे में जल्द सूचित किया जाएगा। इधर, लॉटरी को लेकर ​पारस चौराहा स्थित आवासन मंडल कार्यालय में दिनभर लोग सम्पर्क करने में जुटे हैं।

212 भूखंडो के लिए आए थे 23272 आवेदन

राजस्थान आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि लॉटरी में दो कैटेगरी में कुल 23272 आवेदन आए है। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर आय वर्ग के 131 भूखंडों के लिए 9869 और अल्प आय वर्ग के 81 भूखंडों के लिए 13403 आवेदन मिले हैं। इतनी बढ़ी संख्या में आवेदन होने के कारण लॉटरी प्र​क्रिया के दौरान डाटा शीट सॉफ्टवेयर पर एक्सपोर्ट नहीं हो पा रही थी। इसमें 3 से 4 घंटे का समय लग गया। ऐसे में लॉटरी प्र​​क्रिया स्थगित करनी पड़ी थी।