Aapka Rajasthan

Udaipur पार्किंग के लिए जल्द खुदेगा सिटी स्टेशन, सीमित दायरे में प्रवेश कर सकेंगे यात्री

 
'

उदयपुर न्यूज़ डेस्क,  उदयपुर. सिटी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास तेजी से चल रहा है। 354 करोड़ की लागत से करीब तीन साल में स्टेशन का पुनर्विकास होगा। इसके तहत यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके चलते करीब चार माह पूर्व सेकंड इंट्री बंद करके काम शुरू कर दिया गया था। वहीं आने वाले कुछ ही दिनों में फर्स्ट इंट्री पर भी अंडर ग्राउंड पार्किंग का काम शुरू होगा। ऐसे में यहां आने वाले यात्री सीमित दायरे में ही स्टेशन के अंदर आ-जा सकेंगे।

स्टेशन के एक ही गेट से सीमित दायरे में इंट्री और निकासी होने से लोगों को परेशानी होगी। क्योंकि गत चार माह से सेकंड इंट्री बंद है, ऐसे में फर्स्ट इंट्री पर ही आरक्षण, टिकट बुकिंग आदि का काम किया जा रहा है। सेकंड इंट्री से टिकट बनवाने वाले और अन्य काम करवाने वाले यात्री भी फर्स्ट इंट्री पर ही आ रहे हैं। आगामी दिनों फर्स्ट इंट्री गेट के बाहर नई बनी गैलेरी को छोड़कर पार्किंग और पूरा क्षेत्र खोदने की तैयारी की जा रही है। यहां अंडर ग्राउंड पार्किंग बनाई जाएगी। इसके लिए स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर अधिकतर क्षेत्र पर काम चलेगा। यात्री भी आरक्षण कार्यालय से गैलेरी में होते हुए स्टेशन तक जा सकेंगे। इसके लिए इंजीनियर और रेलवे के अधिकारियों की बैठक होने वाली है। इसमें इस कार्य को शुरू करने की तारीख तय की जाएगी।

वर्ष 2022-23 के लिए इस योजना में 115.79 करोड़ की राशि आवंटित की गई है। स्टेशन के पुनर्विकास के अंतर्गत रूफ प्लाजा, भवन के आगे का हिस्सा, भवन का पूर्वी हिस्सा, प्लेटिनम रेटिंग और जीआरआईएचए प्रमाणन के साथ हरित भवन व सौर पैनल, यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रस्थान व आगमन क्षेत्र व यात्रियों के लिए लाउंज, मनोरंजन क्षेत्र, प्रतीक्षालय, बैठने का स्थान व विश्रामालय जैसे कार्य किए जाएंगे। इस योजना में राणा प्रतापनगर नगर स्टेशन भी शामिल है।स्टेशन के आरक्षण कार्यालय तक यात्रियों के वाहन आ सकेंगे। इसके बाद यात्रियों को नई बनी गैलेरी से होते हुए स्टेशन के मुख्य गेट से प्रवेश करना होगा। रेल आने पर स्टेशन से बाहर निकलने के लिए यात्रियों को पार्सल कार्यालय के पास गेट से निकलना होगा।