उदयपुर-बांसवाड़ा मेघा हाईवे पर भीषण दुर्घटना में मची चीख पुकार, दो की मौत और इतने लोग लड़ रहे जिंदगी की जंग

उदयपुर न्यूज़ डेस्क - उदयपुर-बांसवाड़ा मेघा हाईवे पर बुधवार को बस और कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए, जिसमें एक महिला की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। हादसा पलूणा सरकारी स्कूल के पास हुआ। दोनों काफी तेज गति से जा रहे थे।
हादसे के बाद जाम लग गया। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जावर माइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के बाद दोनों मृतकों के शवों को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कार सवार 6 में से 2 की मौत
थाना अधिकारी पवन सिंह ने बताया- कार उदयपुर से सलूंबर जा रही थी। इसमें 6 लोग सवार थे। जिसमें से दो की मौत हो गई। निजी बस सराड़ा से उदयपुर आ रही थी। इसमें करीब 22 यात्री सवार थे। हादसे में एक महिला समेत 3 लोग घायल हैं, जिसमें महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक सविना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, हालांकि मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। कार और बस को जब्त कर लिया गया है।