उदयपुर में 3.25 लाख के गहने पार करने वाला बदमाश पहले सलूंबर भी पहुंचा था, टोपी लगाए उसी हुलिए में आया था
उदयपुर की तीतरड़ी स्थित ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर करीब 3.25 लाख रुपए के गहने पार करने वाले बदमाश को लेकर नया खुलासा हुआ है। घटना से एक दिन पहले आरोपी सलूंबर की एक ज्वेलरी शॉप पर भी पहुंचा था। हालांकि वहां वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। सलूंबर की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी आरोपी उसी हुलिए में नजर आया, जिसमें वह उदयपुर की दुकान पर पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने सलूंबर की ज्वेलरी शॉप में भी ग्राहक बनकर गहने देखने का प्रयास किया था। उसने दुकानदार से अलग-अलग आभूषण दिखाने को कहा। दुकान में कुछ समय रुकने के बाद वह बिना कोई सामान खरीदे वहां से चला गया। हालांकि अगले ही दिन उसने उदयपुर की तीतरड़ी स्थित ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया।
उदयपुर की दुकान में आरोपी ने ग्राहक बनकर दुकानदार को अपनी बातों में उलझाया और गहने देखने के दौरान मौका पाकर करीब 3.25 लाख रुपए के आभूषण पार कर दिए। घटना के बाद जब दुकानदार को गहने गायब मिले तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान पुलिस को सलूंबर की ज्वेलरी शॉप का सीसीटीवी फुटेज भी मिला। इसमें आरोपी सिर पर टोपी लगाए नजर आ रहा है। उसका हुलिया उदयपुर की दुकान में कैद फुटेज से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। इससे पुलिस को आरोपी की पहचान और उसके आने-जाने के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अब दोनों दुकानों के सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। साथ ही पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों और पूर्व में इसी तरह की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
सलूंबर की दुकान पर वारदात में असफल रहने के बाद आरोपी ने अगले दिन उदयपुर में घटना को अंजाम दिया। लगातार दो दुकानों पर उसके पहुंचने और दोनों जगह एक जैसे हुलिए में दिखाई देने से पुलिस की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
