Udaipur में नगर निगम का सबसे बड़ा एक्शन! 26 दुकानों समेत एक होटल किया सीज, जानिए क्या है कारण ?

राजस्थान के उदयपुर जिले में शुक्रवार सुबह नगर निगम की टीम एक्शन मोड में नजर आई। अधिकारी पूरे लाव-लश्कर के साथ शहर के मुख्य सूजरपोल चौराहे पर पहुंचे और एक साथ 26 दुकानों पर ताले जड़ दिए और फिर लाल स्याही से सील कर दिया। इसके अलावा एक होटल पर भी ताला जड़ दिया। नगर निगम की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
दुकानों पर चिपकाए पोस्टर
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे जब दुकानें खुली थीं, तो नगर निगम की राजस्व विभाग की टीम होमगार्ड जवानों और पुलिस बल के साथ सूरजपोल चौराहे पर पहुंच गई। टीम को देखकर सभी दुकानदार अचानक घबरा गए। इसके बाद सूरजपोल से उदियापोल जाने वाले मार्ग पर एक के बाद एक 26 दुकानों को सील कर दिया गया। इतना ही नहीं दुकानों के साथ एक होटल को भी सील कर दिया गया। इसके बाद दुकानों के शटर पर पोस्टर भी चिपका दिया गया, जिसमें कारण बताया गया।
दुकानों पर 1.83 लाख बकाया
दरअसल, पिछले 2 महीने से नगर निगम लगातार यूडी टैक्स यानी नगरीय विकास कर बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। 26 दुकानों और एक होटल को सील करने के पीछे वजह नगरीय विकास कर बकाया होने पर की गई कार्रवाई थी। 26 दुकानों पर कई सालों से 1 करोड़ 83 लाख 49 हजार रुपए बकाया थे। साथ ही कंचन होटल को 8.40 लाख रुपए बकाया होने पर सील किया गया।