Aapka Rajasthan

किताबों की नहीं, जादू की दुनिया की टॉपर बनी सुहानी शाह, उदयपुर से निकली और बन गई इंटरनेशनल स्टार

 
किताबों की नहीं, जादू की दुनिया की टॉपर बनी सुहानी शाह, उदयपुर से निकली और बन गई इंटरनेशनल स्टार​

भारत की सबसे प्रसिद्ध महिला मेंटलिस्ट, जादूगर, यूट्यूबर और लेखिका सुहानी शाह ने बहुत कम उम्र में ही अपने सपनों को जीना शुरू कर दिया था। 29 जनवरी 1990 को राजस्थान के उदयपुर में जन्मी सुहानी एक मारवाड़ी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनका जादू या मेंटलिस्ट से कोई पारिवारिक या शैक्षिक संबंध नहीं था, लेकिन उन्होंने अपनी लगन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत से खुद को साबित किया।

बचपन से ही लाइव शो शुरू कर दिया था
सुहानी ने 6 साल की उम्र में अपने माता-पिता से कहा था कि वह जादूगर बनना चाहती हैं। फिर 1997 में, उन्होंने सिर्फ़ 7 साल की उम्र में अहमदाबाद में अपना पहला लाइव शो किया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब तक वह 5000 से ज़्यादा लाइव शो कर चुकी हैं और देश-विदेश में हज़ारों लोगों को अपनी कला से हैरान कर चुकी हैं। हाल ही में उन्हें 'सर्वश्रेष्ठ जादूगर' का खिताब भी मिला है।

सिर्फ़ जादू ही नहीं, मन पढ़ने में भी माहिर
सुहानी सिर्फ़ जादू ही नहीं करतीं, बल्कि एक मेंटलिस्ट भी हैं। यानी वह सामने वाले के हाव-भाव और मन की बातें पढ़ सकती हैं। यही वजह है कि लोग उन्हें और भी ज़्यादा पसंद करते हैं। उन्होंने सलमान खान, करीना कपूर, ज़ाकिर खान, साइना नेहवाल और संदीप माहेश्वरी जैसे लोगों के साथ मंच साझा किया है।

5 किताबें भी प्रकाशित
सुहानी शाह अब तक 5 किताबें लिख चुकी हैं, जिनमें से एक है "अनलीश योर इनर पावर"। उनके YouTube चैनल के 30 लाख से ज़्यादा सब्सक्राइबर हैं और उनके वीडियो को लाखों व्यूज़ मिलते हैं।

गोवा में सुहानी माइंड केयर
सुहानी गोवा में 'सुहानी माइंड केयर' नाम से एक संस्था भी चलाती हैं, जहाँ वह लोगों को तनाव, नशे की लत और मानसिक समस्याओं से उबरने में मदद करती थीं।