Udaipur में शिकार करते हुए दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में भय

उदयपुर न्यूज़ डेस्क, उदयपुर में तेंदुए की चहलकदमी का वीडियो सामने आने से ग्रामीण दहशत में हैं। तेंदुआ उसी स्थान पर देखा गया है, जहां 4 माह पहले मवेशियों के लिए चारा लेने गई महिला को मारा गया था। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने कार से भैंस को खाते तेंदुए का वीडियो बनाया है। हेडलाइट की रोशनी देखकर तेंदुआ 3 सेकंड तक कार सवारों को घूरता रहा और फिर झाड़ियों में चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने और स्थाई समाधान निकालने की अपील की है। वीडियो बनाने वाले ग्रामीण का दावा है कि वीडियो गोगुंदा-बगडुंदा मार्ग पर जोगियों का गुड़ा के पास देर रात 11 बजे का है। रेंजर सुरेंद्र सिंह ने कहा- मामला फिलहाल जानकारी में नहीं है। इसकी जांच कर वीडियो की सत्यता का पता लगाया जाएगा। जिस स्थान पर तेंदुआ देखा गया, उसके आसपास के वन क्षेत्र में तेंदुआ घूमता रहता है। तेंदुआ खा रहा था शिकार
जोगियों का गुड़ा निवासी हुक्मीचंद सुथार ने बताया कि वह अपने बेटे और भतीजे के साथ कार में उंडीथल की ओर जा रहे थे। इस दौरान उन्हें सड़क किनारे तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुआ एक भैंस का शिकार कर उसे खा रहा था। हुक्मीचंद ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है कि तेंदुआ शिकार के पास बैठकर उसे खा रहा है। जैसे ही कार की लाइट उस पर पड़ती है तो वह 3 सेकंड तक कार की तरफ देखता है और आराम से चलता हुआ बाउंड्री पार कर झाड़ियों में गायब हो जाता है।
स्थायी समाधान की मांग की
ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। साथ ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वन विभाग ने इस पहाड़ी के पीछे राणा गांव में एक तेंदुए को अपने पिंजरे में कैद किया था। इस क्षेत्र में तेंदुए की लगातार बढ़ती आवाजाही से परेशान ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है। बता दें, गोगुंदा क्षेत्र में आदमखोर तेंदुआ 6 लोगों को मार चुका है। जिसमें से तेंदुए ने इसी क्षेत्र में एक महिला का शिकार किया था। ऐसे में बीती रात फिर से तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।