गेहूं की फसल की आड़ में Udaipur के इस इलाके में चल रही थी अवैध अफीम की खेती, पुलिस ने बरामद किए 225 किलो पौधे

उदयपुर न्यूज़ डेस्क -गोगुंदा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए अफीम की अवैध खेती के खिलाफ शुक्रवार को दो कार्रवाई की। जहां 225 किलो अफीम के पौधे जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी (प्रशिक्षु आईपीएस) माधव उपाध्याय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के मोरवाल निवासी भंवर पुरी पुत्र गुलाबपुरी गोस्वामी अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है।
मौके पर जाकर देखा तो आरोपी ने गेहूं की फसल के साथ अफीम की खेती कर रखी थी। फसल हरी हो चुकी थी और छोटी-छोटी फलियां व फूल उग आए थे। मौके से भंवर पुरी को गिरफ्तार कर 11 बोरों में 130 किलो हरे अफीम के पौधे जब्त किए। आश्रम के पीछे पहाड़ी पर दूसरी कार्रवाई पुलिस ने इसी समय एक और कार्रवाई करते हुए भीम कुंड आश्रम सोलारिया के पीछे पहाड़ी में अफीम की खेती कर रहे महाराज बस स्टैंड गोगुंदा निवासी प्रकाशानंद उर्फ प्रकाश पुत्र खुमाणा प्रजापति को गिरफ्तार किया। मौके से 7 बोरियों में कुल 95 किलो हरे अफीम के पौधे जब्त किए गए। साथ ही मौके से सोहन सिंह पुत्र हेम सिंह राजपूत निवासी मोरवाल और लक्ष्मण सिंह पुत्र सूरत सिंह राजपूत निवासी मोडवा को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में ये लोग रहे शामिल
पुलिस टीम में एएसआई विनेश कुमार, बद्रीलाल, हेड कांस्टेबल चरण सिंह, रामचंद्र, भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल शिवराज, योगेंद्र कुमार, प्रताप सिंह, प्रदीप कुमार, दीपेंद्र शामिल रहे।