Aapka Rajasthan

उदयपुर में भारतीय खाद्य निगम का गोदाम सीज, वीडियो में जाने अभी कितना बकाया है भुगतान ?

उदयपुर से आज भारतीय खाद्य निगम के गोदाम को नगर निगम की टीम के सीज करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार विभाग पर नगरीय विकास कर बकाया होने के चलते यह कार्रवाई की गई है। 
 

 
उदयपुर में भारतीय खाद्य निगम का गोदाम सीज, वीडियो में जाने अभी कितना बकाया है भुगतान ? 

उदयपुर न्यूज़ डेस्क - नगर निगम ने आज उदयपुर में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई उनके नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) बकाया होने के कारण की गई। इसके साथ ही शक्तिनगर स्थित बाजार की तीन दुकानों को भी सीज कर दिया गया।


एफसीआई गोदाम सीज
उदयपुर नगर निगम ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि ठोकर चौराहा से पुरोहित की मदारी जाने वाले मार्ग पर स्थित भारतीय खाद्य निगम परिसर को सीज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एफसीआई पर 4,89,964 रुपए का यूडी टैक्स बकाया था। उल्लेखनीय है कि यहां खाद्यान्न क्रय, भंडारण और वितरण का कार्य भारत सरकार द्वारा किया जाता है।

राजस्व अधिकारी नितीश भटनागर ने बताया कि इसी तरह शक्तिनगर निराला मार्ग पर तीन दुकानों को सीज किया गया। इन व्यावसायिक दुकानों पर नगर निगम का 5,07,833 रुपए का यूडी टैक्स बकाया था। इन दुकानों को सीज कर दिया गया है। आयुक्त ने बताया कि नगरीय विकास कर सरकार द्वारा हर हाल में वसूला जाएगा। 1 साल बाद राज्य सरकार ने इसमें छूट दी है, जिसका लाभ शहरवासी उठा सकते हैं और टैक्स जमा करा सकते हैं।

धुलंडी को छोड़कर हर दिन जमा होगा यूडी टैक्स
इस दौरान आयुक्त ने बताया कि नगर निगम में यूडी टैक्स जमा कराने का काउंटर धुलंडी के अवकाश को छोड़कर हर दिन खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक अवकाश के दिनों में भी कमरा नंबर 62 में यूडी टैक्स से संबंधित सभी कार्य किए जाएंगे।