Aapka Rajasthan

उदयपुर में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़,1500 किलो माल जब्त, सरस-अमूल के अधिकारियों ने की पहचान

 
;

उदयपुर न्यूज डेस्क,त्योहार से पहले पुलिस और DST टीम ने नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। इस फैक्ट्री में सरस, अमूल और नोवा जैसा ब्रांड की हूबहू पैकिंग में नकली घी भरा जा रहा था। इसके बाद फूड सेफ्टी टीम को सूचना देकर बुलाया और इन ब्रांड्स के अधिकारियों से नकली पैकेट्स की पुष्टि कर 1500 किलो घी जब्त किया गया है। साथ ही 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है।मामला शनिवार का उदयपुर शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर उमरड़ा रोड पर कलड़वास रीको एरिया का है।

DSP छगन पुरोहित ने बताया कि फैक्ट्री का मालिक सलूंबर निवासी लोकेश जैन है। यहां लंबे समय से नकली घी बनाने की सूचना मिल रही थी। मौके से यहां काम कर रहे दो जनों को डिटेन किया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।DSP ने बताया कि डीएसटी टीम प्रभारी श्याम सिंह रत्नू को 1 दिन पहले सूचना मिली थी कि इस जगह पर नकली घी बनाया जाता है। पुलिस ने इस पर यहां ​पड़ताल शुरू की तो सामने आया कि त्योहारी सीजन के चलते यहां पर बड़ी मात्रा में नकली घी बनाया जा रहा था। इसके बाद कार्रवाई कर यहां छापा मारा।

सरस, नोवा और अमूल के अधिकारियों को मौके पर बुलाया

DSP छगन पुरोहित ने बताया कि आरोपी ने यहां फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर टीन का गोदाम बना रखा था। वहीं बेसमेंट में नकली घी बनाने का काम चलता था। बेसमेंट में मशीनें और भट्टियां भी लगा रखी थी। इसके बाद सरस डेयरी की टीम को भी यहां बुलाया गया। उनसे घी की पैकेजिंग की जांच कराई तो उन्होंने साफ कह दिया कि यह घी सरस डेयरी का नहीं है। इसी प्रकार टीम ने नोवा और कृष्णा घी कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी यहां के फोटो खींचकर भेजे जिस पर उन्होंने भी यह बैच नंबर अपना नहीं होना बताया।फूड सेफ्टी अधिकारी अशोक गुप्ता ने बताया कि मालिक लोकेश जैन यहां पर थोड़ी मात्रा में असली घी लेता और इसमें सोयाबीन, डालडा और एसेंस (फ्लेवर) मिलाकर डिब्बे में पैक कर देता। यहां इसमें नोवा और सरस ब्रांड की 15-15 और 1-1 किलोग्राम की तो कृष्णा और अमूल की 15-15 किलो की पैकिंग की जा रही थी। यहां से सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।

1 टिन 4200 रुपए का

फूड सेफ्टी अधिकारी अशोक गुप्ता ने बताया कि आरोपी ऐसी पैकिंग कर रहे थे जिससे असली और नकली का फर्क पहचान पाना मुश्किल था। यहां से 1500 किलो तो मौके पर मिला है। बाकी रॉ मटीरियल के जरिए काउंट किया जा रहा है।पुलिस ने जिन्हें हिरासत में लिया है, उन्होंने बताया है कि 1 टिन को 4200 रुपए के हिसाब बाजार में बेचा जा रहा था। रोजाना यहां से 150 किलो घी मार्केट में खपाया जा रहा था। शादियों और त्योहारी सीजन में इससे ज्यादा खपाया जाता था। इस घी को गांवों में सप्लाई किया जा रहा था।