Aapka Rajasthan

उदयपुर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 चोरी की बाइक बरामद; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 
उदयपुर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 चोरी की बाइक बरामद; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के उदयपुर जिले में सुखेर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 12 बाइक बरामद की हैं। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार, सुखेर थाना पुलिस को क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की और जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस ने मोवाराम पुत्र सवाराम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात सामने आई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 12 बाइक बरामद की हैं।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और चोरी की गई अन्य बाइकों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के आधार पर कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।सुखेर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की वारदातों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।