Aapka Rajasthan

सलूंबर में उल्टी-दस्त से 5 मासूमों की मौत, प्रशासन अलर्ट मोड पर

 
सलूंबर में उल्टी-दस्त से 5 मासूमों की मौत, प्रशासन अलर्ट मोड पर

Salumbar जिले के लसाड़िया ब्लॉक से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां तेज उल्टी-दस्त और बुखार के चलते महज 5 दिनों में 5 मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घाटा और लालपुरा गांव इस बीमारी से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। लगातार बच्चों की तबीयत बिगड़ने और मौतों की खबर मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और सोमवार को मेडिकल टीम के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया और बीमार बच्चों का इलाज शुरू कराया। साथ ही घर-घर सर्वे कर मरीजों की पहचान की जा रही है। प्राथमिक तौर पर यह मामला पानी से फैलने वाली बीमारी या संक्रमण से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

बीसीएमओ और चिकित्सा टीम ने ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, उबला हुआ पानी पीने और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। इसके अलावा, गांव में दवाइयों का वितरण और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। साथ ही जल स्रोतों की भी जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण के कारणों का पता लगाया जा सके।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश और चिंता देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण स्थिति गंभीर हो गई।

फिलहाल, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हालात को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।