फागी के द्वारकाधीश मंदिर में फूलडोल मेला, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने भजनों पर लगाई ताल
जयपुर जिले के फागी क्षेत्र में मांसी नदी किनारे स्थित द्वारकाधीश मंदिर, फागी परिसर में बुधवार को पारंपरिक फूलडोल मेले का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। मेले में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा शामिल हुए।
डिप्टी सीएम ने मंदिर पहुंचकर भगवान द्वारकाधीश के दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे भजन मंडली के बीच पहुंचे, जहां ढोलक और मंजीरों की मधुर धुन पर भजनों में सहभागिता की। उन्होंने स्वयं भी ताल देते हुए भक्ति गीतों का आनंद लिया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
फूलडोल मेले के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे थे। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई और भगवान की झांकी निकाली गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
मेले में स्थानीय कलाकारों ने भजन और कीर्तन प्रस्तुत किए। ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने मेले का आनंद लिया। बच्चों के लिए झूले और विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए, जिससे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
अपने संबोधन में प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को सशक्त बनाते हैं और समाज में एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। फूलडोल मेले ने एक बार फिर फागी क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक समृद्धि को जीवंत कर दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ इस आयोजन को सफल बनाया।
