सस्ती बजरी को लेकर नरेश मीणा का बड़ा ऐलान, जल्द करेंगे आंदोलन
देवली-उनियारा विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे भगत सिंह सेना के सुप्रीमो नरेश मीणा ने सस्ती बजरी के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि आमजन को राहत दिलाने के लिए जल्द ही व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
मीणा ने आरोप लगाया कि बीसलपुर बांध के भराव क्षेत्र से गाद निकालने के नाम पर बड़े पैमाने पर बजरी की निकासी की जा रही है, लेकिन इसका फायदा आम लोगों को नहीं मिल रहा। बाजार में बजरी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मकान निर्माण और अन्य कार्यों में लोगों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभागों की अनदेखी के कारण आमजन महंगी बजरी खरीदने को मजबूर हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
मीणा ने कहा कि बजरी की कालाबाजारी और अवैध खनन पर रोक लगनी चाहिए। साथ ही स्थानीय लोगों को उचित दर पर बजरी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बजरी की दरें नियंत्रित की जाएं और पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आम आदमी को राहत मिल सके। मीणा के इस ऐलान के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और लोगों की नजर अब आगामी आंदोलन की रणनीति पर टिकी हुई है।
