Aapka Rajasthan

गहलोत बोले- चुनाव हारते ही स्ट्रीट लाइटें हटा दीं, जनता का क्या कसूर? सरकार पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप

 
s

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनाव के बाद स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव हारने के बाद स्ट्रीट लाइटें हटाने में आम जनता का क्या कसूर है? गहलोत ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि सरकार ने हद कर दी है।

गहलोत के बयान के बाद स्ट्रीट लाइटें हटाने का मुद्दा राजनीतिक चर्चा में आ गया है। उन्होंने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इसका खामियाजा आम लोगों को नहीं भुगतना चाहिए।

टोंक के पीपलू क्षेत्र का है मामला

मामला टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 का है। यहां पंचायत समिति सदस्य के चुनाव से पहले चार गांवों और ढाणियों में करीब 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इनमें कुम्हारों की ढाणी, बेगमपुरा, हनीफगंज और बीजलपुरा शामिल हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, ये लाइटें निवाई से भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक (PA) आलोक शर्मा की पत्नी प्रियंका शर्मा के चुनाव लड़ने के दौरान लगवाई गई थीं।

चुनाव में प्रियंका शर्मा को कांग्रेस प्रत्याशी धन्नालाल ने 751 वोटों से हरा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि नतीजे आने के कुछ घंटे बाद ही बिजली निगम की टीम गांव पहुंची और खंभों से लाइटें उतारने लगी। इस दौरान करीब 10 खंभों से लाइटें हटाई गईं। कार्रवाई का विरोध होने पर ग्रामीणों और बिजली निगम की टीम के बीच विवाद भी हुआ।

बिजली निगम ने बताया अवैध कनेक्शन

बिजली निगम की ओर से ग्रामीणों को बताया गया कि खंभों पर लगाई गई लाइटें अवैध रूप से कनेक्शन लेकर लगाई गई थीं। इसी वजह से उन्हें हटाया गया। ग्रामीणों का सवाल है कि अगर लाइटें नियमों के खिलाफ थीं तो इन्हें लगाए जाने के समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई? चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद ही इन्हें हटाने की कार्रवाई क्यों शुरू हुई?

वहीं, विधायक रामसहाय वर्मा ने बिजली बिल के भुगतान का सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लाइटों का बिजली बिल कौन भरेगा। विधायक ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं और मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है।

इस पूरे मामले में अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। गहलोत ने सरकार और प्रशासन से सवाल किया है कि अगर लाइटें अवैध थीं तो उन्हें लगाने वालों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उनका कहना है कि किसी प्रत्याशी की चुनावी हार का असर गांव के लोगों को मिलने वाली सुविधाओं पर नहीं पड़ना चाहिए।