Aapka Rajasthan

Tonk जिले में मिलावटखोरों पर चला खाद्य सुरक्षा विभाग का डंडा, जब्त किया इतने किलो नकली घी

 
Tonk जिले में मिलावटखोरों पर चला खाद्य सुरक्षा विभाग का डंडा, जब्त किया इतने किलो नकली घी 

टोंक न्यूज़ डेस्क - टोंक शहर में चिकित्सा विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने रविवार को मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की। यहां टीम ने मुनीर खां मस्जिद के पास एक घी की दुकान पर छापा मारा और प्रारंभिक तौर पर मिलावटी प्रतीत होने पर मौके पर मिले 40 किलो से अधिक घी को जब्त कर लिया। इस दौरान घी के नमूने भी लिए गए। घी बेचने वाला मौके पर नहीं मिला। बेचने वाले के साथ काम करने वाले दो मजदूर मिले। वे यूपी के रहने वाले हैं। यह भी सामने आया है कि यह दुकान आज ही खुली थी और रमजान स्पेशल ऑफर के नाम पर घी बेच रही थी। 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि शाम करीब चार बजे लोगों से शिकायत मिली थी कि कुछ लोग आज दुकानें लगाकर ऑफर के नाम पर सस्ता घी बेच रहे हैं, जिसमें मिलावट हो सकती है। दो किलो घी महज सात सौ रुपए में बेचा जा रहा है। इसका सैंपल लिया गया और मौके पर मिले 40 किलो से ज्यादा घी को जब्त कर लिया गया।

गुर्जर ने बताया कि जब्त किया गया घी पाम ऑयल और एसेंस से बना हुआ प्रतीत होता है। ये लोग चौधरी डेयरी के नाम से पंपलेट छपवाकर इस घी को बेच रहे थे। रमजान पर स्पेशल ऑफर देकर लोगों को लुभा रहे थे। ये लोग सात सौ रुपये में एक किलो घी बेच रहे थे और उसके साथ एक किलो घी फ्री दे रहे थे। यानी एक किलो के साथ एक किलो घी फ्री।