Aapka Rajasthan

Tonk कुराड़ गांव में 9 वर्षीय छात्र की कुएं में मिली लाश

 
Tonk  कुराड़ गांव में 9 वर्षीय छात्र की कुएं में मिली लाश 

टोंक न्यूज़ डेस्क, तीन दिन पहले लापता हुए नौ वर्षीय नितेश खारोल का शव रविवार को कुएं में मिला। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस व परिजन वहां पहुंचे और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।

पचेवर थाना क्षेत्र के कुराड़ गांव में नितेश गुरुवार को घर से निकला था। उसके बाद वापस नहीं लौटा। उधर नितेश की मौत के गम में उसका परिवार गमगीन है। थानाधिकारी राजेंद्र ताडा ने बताया कि प्रधान खारोल का बेटा नितेश गुरुवार को तीसरी कक्षा पास कर गया था। अभी गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। गुरुवार को वह गांव में घर से बिना किसी को बताए निकल गया। फिर वापस घर नहीं लौटा। उसी शाम को आखिरी बार उसे तालाब के पास एक ग्रामीण ने देखा था।

प्रधान खारोल ने शुक्रवार को नितेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस दिन-रात उसकी तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार को जयपुर से एसडीआरएफ के 20 जवान, सिविल डिफेंस के 10 जवान, गोताखोर और पुलिस के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाकर कुराड़ गांव के तालाब में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। फिर रविवार सुबह किसी ग्रामीण ने उसे स्कूल से करीब 300 मीटर दूर कुएं में पानी में देखा। तब पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला। थानाधिकारी राजेंद्र ताडा ने बताया कि बालक की पानी में डूबने से मौत हुई है। फिर भी हर एंगल से जांच की जा रही है।