इंटरनेट की मदद से हुमारा ने सीखे घुसपैठ के तरीके, पाकिस्तान से भारत आने का बताया सनसनीखेज कारण

श्रीगंगानगर न्यूज़ डेस्क - श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में घुसपैठ करते पकड़ी गई पाकिस्तानी महिला हुमारा (32) भारतीय संस्कृति से काफी प्रभावित है। संयुक्त पूछताछ केंद्र (जेआईसी) में पूछताछ के दौरान उसने कहा- मैंने सोशल मीडिया पर देखा कि भारत में महिलाओं का काफी सम्मान किया जाता है। हुमारा ने कहा- मैं लगातार पाकिस्तान में घरेलू हिंसा का शिकार हो रही थी और मेरी कोई नहीं सुन रहा था। मैंने हताश होकर भारत आने का मन बना लिया था। इसके लिए मैंने इंटरनेट पर सीमा पार कर भारत में घुसने के तरीके सीखे। पाकिस्तानी महिला ने कहा- मैं काफी समय से अवैध रूप से भारत में घुसने का प्रयास कर रही थी। एक बार मैंने कश्मीर से सीमा पार कर भारत आने का प्रयास भी किया, लेकिन गोलीबारी के डर से मन बदल लिया।
रात को पैदल ही सीमा पर पहुंची
एसपी गौरव यादव ने कहा- पाकिस्तानी महिला ने पूछताछ में बताया कि घरेलू हिंसा से हताश होकर उसने भारत आने का मन बना लिया था। उसने इंटरनेट के जरिए भारत में घुसने के तरीके सीखे।इसके बाद वह कराची से बहावलपुर आ गई। वहां से वह पैदल चलकर रात को सीमा के पास एक धर्मस्थल के पास बैठ गई। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे वह भारतीय सीमा में दाखिल हुई, लेकिन बीएसएफ ने उसे पकड़ लिया। एसपी ने बताया- पाकिस्तानी महिला से श्रीगंगानगर स्थित संयुक्त पूछताछ केंद्र (जेआईसी) में पूछताछ की जा रही थी। अब भारतीय सुरक्षा बलों ने उसे वापस भेजने का फैसला किया है और जल्द ही उसे पाकिस्तान भेज दिया जाएगा।
विजयता पोस्ट पर पकड़ी गई महिला
दरअसल, पाकिस्तानी महिला हुमारा 17 मार्च को सुबह करीब 6.55 बजे भारत-पाक सीमा की कंटीली तार की बाड़ को पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हो गई। बीएसएफ के जवानों ने उसे विजयता पोस्ट पर हिरासत में ले लिया। महिला ने पाकिस्तान वापस जाने से साफ इनकार कर दिया और भारत में शरण मांगी। महिला ने कहा कि अगर वह पाकिस्तान लौटी तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
मोबाइल और सोने के जेवर बरामद
घुसपैठ के दौरान बीएसएफ ने महिला के पास से एक मोबाइल, सोने की बाली, नाक की नथ और हाथ में पहना हुआ कंगन बरामद किया। महिला ने बताया कि वह बलूचिस्तान के केच जिले के दगरी खान गांव की रहने वाली है। उसके पति का नाम वसीम है। वसीम की बलूचिस्तान में दुकान है। उसके माता-पिता कराची के रहने वाले थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ ने आईबी, सीआईडी और पुलिस को सूचना दी। तब से एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
24 दिसंबर को मारा गया था घुसपैठिया
इससे पहले 24 दिसंबर को बीएसएफ ने श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। वह देर रात भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। उसके पास पाकिस्तानी करेंसी, सिगरेट के पैकेट और अन्य सामान मिला था।बीएसएफ ने श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में घुसपैठ कर रही एक पाकिस्तानी महिला को पकड़ा है। महिला सोमवार सुबह करीब 6:55 बजे भारत-पाकिस्तान सीमा की कंटीली तार की बाड़ को पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस आई थी। बीएसएफ के जवानों ने उसे तुरंत विजयता पोस्ट पर हिरासत में ले लिया। महिला ने वापस पाकिस्तान जाने से साफ इनकार कर दिया है।