Aapka Rajasthan

Sriganganagar किसान की बेटी को मिले 98.4 प्रतिशत, लक्ष्य आईएएस बनना

 
Sriganganagar किसान की बेटी को मिले 98.4 प्रतिशत, लक्ष्य आईएएस बनना
श्रीगंगानगर न्यूज़ डेस्क, श्रीगंगानगर जिले के गांव 28 पीबीएन के किसान परिवार की एकता वर्मा ने गुरुवार को बारहवीं आर्ट्स की परीक्षा में 98.4 प्रतिशत मार्क्स लेकर कमाल कर दिखाया। एकता की इस सफलता पर पूरा परिवार खुशी से झूम उठा है। किसान अमरसिंह के पांच बच्चों में तीसरे नंबर की बेटी एकता को 95 प्रतिशत से ज्यादा मार्क्स की तो उम्मीद थी लेकिन आंकड़ा 98 प्रतिशत को पार कर जाएगा, यह उसने भी नहीं सोचा था।  बातचीत में एकता ने बताया कि उसके परिवार में पिता अमरसिंह खेती किसानी करते हैं। कुछ बीघा जमीन पर काश्त करके परिवार की जरूरतें पूरी कर पाते हैं। मां परिवार की व्यवस्था संभाल रही है। एकता ने बताया कि उसने हर दिन करीब पांच से छह घंटे तक तैयारी की। परीक्षा नजदीक आई तो तैयारी आठ घंटे तक करना शुरू कर दिया। उसका लक्ष्य 95 प्रतिशत मार्क्स हासिल करना था। उसकी लगातार पढ़ाई का ही परिणाम रहा कि ज्योग्राफी में सौ में से पूरे सौ मार्क्स मिले। वहीं पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री में सौ में से 98 मार्क्स लिए।

एकता बताती हैं कि उन्होंने बारहवीं में 95 प्रतिशत मार्क्स का लक्ष्य रखा था। अब उनका अगला लक्ष्य आईएएस बनना है। वे बताती हैं कि उनकी बहनों को देखकर उन्होंने पढ़ाई मन लगाकर की। उनकी बड़ी बहन एमए तक तथा दूसरी बहन बीए तक पढ़ी हैं। वे बहनों में तीसरे नंबर पर है। उनसे छोटे एक बहन और एक भाई हैं। एकता ने बताया कि उसने कभी ट्यूशन का सहारा लेकर पढ़ाई नहीं की। हमेशा सेल्फ स्टड़ी कर सफलता हासिल की। उनका कहना था कि स्टूडेंट्स अगर मन लगाकर पढ़ाई करें तो सफलता हासिल करना मुश्किल नहीं है।