सचिन पायलट पर टिप्पणी के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय के बाहर नारेबाजी
राजस्थान में राजनीतिक बयानबाजी के बीच विवाद उस समय बढ़ गया जब भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल द्वारा कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर की गई टिप्पणी के विरोध में छात्र संगठन एनएसयूआई ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय के बाहर एकत्र होकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए राधा मोहन अग्रवाल के बयान का विरोध जताया और इसे अनुचित बताया। इस दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल भी बन गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह की टिप्पणी से राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन हुआ है और सार्वजनिक जीवन में इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि भाजपा नेता अपने बयान पर माफी मांगें।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश कर शांत किया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश में राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आ रहा है। दोनों दलों के बीच बयानबाजी का दौर तेज हो गया है और आने वाले समय में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
