Sriganganagar हनुमान खेजड़ी मंदिर में पुस्तकालय का उद्घाटन
श्रीगंगानगर न्यूज़ डेस्क, "हमारे सनातन धर्म की रक्षा केवल हल्ला करने से नहीं होगी, हमारे सनातन धर्म की रक्षा हम अपने आचरण से कर पाएंगे, आजकल हम लोगों का खाने का, पीने का, सोने का, उठने का, बैठने का, सारा काम उल्टा-पुल्टा हो रहा है। इसके अलावा नई पीढ़ी में दुर्व्यवस्नो का सेवन बढ़ता जा रहा है। मदिरा का सेवन तो है ही, और ना जाने क्या-क्या आजकल ड्रग्स वगैरा चला है, नशेड़ी प्रवृति ऐसी बढ़ती जा रही है कि उसे लेकर क्या कहें। पहले परिवारवाद होता था, आजकल सभी के एक-एक बच्चे हैं और एक ही बच्चा बिगड़ गया तो पूरा परिवार बिगड़ गया"
यह बात सूरतगढ़ में श्री हनुमान खेजड़ी मंदिर पर एक धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचे सींथल पीठाधीश्वर श्री क्षमा राम जी महाराज ने सनातन संस्कृति शिक्षण पुस्तकालय का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जन समूह से कही। उन्होंने हिंदुत्व को लेकर भी हिंदुओं को जागने का आह्वान किया। शाम साढ़े 4 बजे शुरू हुआ पाठ शाम करीब 8 बजे तक चला। इसके बाद बालाजी की श्रद्धालुओं ने कागज की प्लेट में दीपक जलाकर सामूहिक आरती की। वहीं, पांडाल में जय श्रीराम व जय हनुमान का जयघोष गूंजता रहा। इस दौरान यजमान व धार्मिक कार्यक्रम के संयोजक सीताराम प्रजापत ने परिवार सहित बालाजी की पूजा अर्चना की। पंडित विजेंद्र शास्त्री ने पूजा अर्चना करवाई।
