Sriganganagar पूर्व राज्य मंत्री गुरजंट सिंह बराड़ का निधन
श्रीगंगानगर न्यूज़ डेस्क, तीन बार विधायक व पंचायत समिति प्रधान रहे पूर्व राज्य मंत्री गुरजंट सिंह बराड़ (91) का रविवार को निधन हो गया। पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे गुरजंट सिंह ने शाम करीब साढ़े पांच बजे अंतिम सांस ली। उनका गांव 5 एलएनपी स्थित घर पर इलाज चल रहा था। ग्राम पंचायत भागसर के उप सरपंच के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले गुरजंट सिंह 1993 में संगरिया विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद 2003 में संगरिया व 2013 में सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट पर चुनाव जीते।
1998 में संगरिया व 2008 में सादुलशहर से चुनाव हार गए। वर्तमान में दिवंगत बराड़ के पौत्र गुरवीर सिंह बराड़ सादुलशहर से भाजपा विधायक हैं। स्वर्गीय बराड़ 1988 से 94 तक सादुलशहर पंचायत समिति के प्रधान रहे। वे क्रय-विक्रय सहकारी समिति के चेयरमैन और कृषि उपज मंडी समिति के चेयरमैन भी रहे। बराड़ 1977 में जनता पार्टी में शामिल हुए और 2002 में भाजपा के सदस्य बन गए। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को गांव 5 एलएनपी में किया जाएगा। शोक स्वरूप आज साधुशहर और लालगढ़ धानमंडी में बोलियां नहीं लगेंगी।
