Sriganganagar किसान के सुसाइड मामले में धरना समाप्त, आरोपियों की गिरफ्तारी पर बनी सहमति

केसरीसिंहपुर के वार्ड सोलह का रहने वाला विनोद कुमार मेघवाल बुधवार रात अपने चचेरे भाई, दोस्त और चाचा के साथ तीन यू ढाणी स्थित खेत में बने कमरे में सोया था। रात करीब दो बजे से तीन बजे के बीच किसी समय विनोद उठा और ढाणी में बने कमरे में छत के कुंडे से फंदा बनाकर जान दे दी। सुबह करीब साढ़े चार बजे ढाणी में उसके परिजन जागे तो उन्हें विनोद नजर नहीं आया। उन्होंने उसे तलाशा, आवाजें दीं लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद पास के कमरे में संभाला तो विनोद फंदे से लटका मिला। इस पर पुलिस काे सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
इस संबंध में मृतक की पत्नी सरोज देवी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके पति विनोद का गांव बीस एफ के नायबसिंह पुत्र आसासिंह और नत्त्थासिंह पुत्र जीवन सिंह से जमीन संबंधी विवाद था। दोनों आरोपियों ने विनोद की जमीन पर बीस साल से कब्जा कर रखा है और इस पर लगने वाले पानी की बारी भी अपने नाम करवा ली थी, जबकि यह जमीन विनोद की दादी के नाम है। इससे विनोद परेशान था और आरोपी उसे धमकियां भी दे रहे थे। सरोज देवी का आरोप है कि आरोपियों से परेशान होकर विनोद ने सुसाइड कर लिया।