Aapka Rajasthan

Sirohi तापमान गिरने से सुबह-शाम सर्दी बढ़ी, तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा

 
Sirohi तापमान गिरने से सुबह-शाम सर्दी बढ़ी, तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा

सिरोही न्यूज़ डेस्क, सिरोही  उतरी भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू के न्यूनतम तापमान में आई गिरावट के चलते शुक्रवार सवेरे-शाम सर्दी के तेवर तीखे रहे। सवेरे सर्दी से बचाव को लेकर लोग देर तक घरों में दुबके रहे। पहाडिय़ों में कोहरा छाया रहा, जो दिन चढऩे के बाद छंट गया। सवेरे प्राकृतिक सौंदर्य की विभिन्न मनभावन दृश्यावलियों को सैलानी अपने कैमरे में कैद करते हुए देखे गए। न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से तापमापी का पारा 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस का उछाल आने से तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तापमान में आई गिरावट के चलते सवेरे सर्दी से बचने की जुगत में लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों को अलाव तापते देखा गया। वहीं, जगह-जगह चाय की थडियों पर अदरक की चाय का स्वाद लेने वालों का तांता लगा रहा। सवेरे-शाम सर्द हवाएं चलने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित होती नजर आई। सैलानियों की आवक बनी रहने से सड़कों व बाजारों में पर्यटकों की रौनक बनी रही। गुरूशिखर, पीस पार्क, अचलगढ़, देलवाड़ा मंदिर, शंकर मठ, अधर देवी, यूनिवर्सल पीस हॉल, आध्यात्मिक संग्रहालय, भारत माता नमन स्थल आदि स्थानों का दीदार करते हुए पर्यटक खासे आनंदित दिखे। दिन में धूप सेवन करते हुए लोगों का घरों की छतों, बाग-बगीचों में जमावड़ा लगा रहा। गर्म कपड़ों की दुकानों पर भी खरीदारों का आवागमन बना रहा। दिन में सुहावने मौसम के बीच पर्यटकों ने नक्की झील में नौका विहार का भी आनंद लिया।

रायपुर क्षेत्र में सर्दी के बढ़ते तेवर तीखे हो गए हैं। ठंड के चलते लोगों को धूजणी छूट रही हैं। क्षेत्र में सर्दी के बढ़ते सितम के चलते लोग सुबह से शाम तक गर्म कपडों में नजर आते हैं। वहीं, सर्दी से राहत के लिए जगह-जगह चाय की थडियों व गर्म व्यजंनों का सेवन करते नजर आते हैं। इधर, सर्दी से बचने के लिए लोग सुबह-शाम अलाव का सहारा ले रहें हैं।

हल्दी की सब्जी की बढ़ी डिमांड - बढ़ती ठंडी के चलते ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में हल्दी की सब्जी की डिमांड बढी हुई है। सर्दी के इन दिनों में लोग जगह- जगह हल्दी के सब्जी का कार्यक्रम रखकर एक-दूसरे को मान मनुहार कर देर रात तक हाथाई भी करते हैं। घरों में शुद्ध घी से बनने वाली हल्दी की सब्जी का लोग इस ठंड में भरपूर आनंद ले रहें हैं।