Sirohi सुबह के समय वातावरण में ठंडक है, न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री
सिरोही न्यूज़ डेस्क, सिरोही अर्बुदांचल की हसीन वादियों में बार-बार बदल रही मौसमी फिजां के चलते बुधवार को न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस लुढ़क जाने से तापमापी का पारा 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सवेरे आसमान से उगते सूरज की लालिमा का मनभावन नजारा भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
सवेरे हवा चलने पर वातावरण में घुली ठंडक के बीच देश-विदेश से आए पर्यटक मौसम का आनंद लेने को सड़कों व बाजारों में चहलकदमी करते देखे गए। वहीं स्थानीय सैलानियों ने वन्य क्षेत्र के इर्द गिर्द के रास्तों पर शारीरिक दुरुस्ती को लेकर योग, प्राणायाम, ध्यान, व्यायाम, कसरत आदि का लाभ लिया। वहीं कई एडवेंचर के शौकीन पर्यटकों ने चट्टानों के बीचों बीच बने रास्तों पर चलते हुए प्राकृतिक सौंदर्य के मनभावन नजारों को कैमरे में कैद किया। विदेश व देश के विभिन्न राज्यों से दर्शनीय स्थलों का दीदार करने आए पर्यटक भी क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को निहारते हुए आनंदित दिखे। अधिकतम तापमान में भी 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से तापमापी का पारा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान में बादलों का आवागमन बना रहने से दिन में भी धूप का असर कम रहा।