Sirohi जिले में स्कूल भवन जर्जर होने से बच्चो में भय
सिरोही न्यूज़ डेस्क, पंचायत समिति क्षेत्र के आदिवासी क्षेत्र आमली पंचायत के खराफली गांव का जर्जर सरकारी स्कूल भवन कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। सरकारी प्राथमिक स्कूल का भवन इतना जर्जर है कि हल्की बारिश में भी कक्षाओं की छत से पानी टपकता है। दीवारों से प्लास्टर उखड़ने लगा है और स्कूल का रसोईघर भी जर्जर हो चुका है। जर्जर भवन को देखकर हमेशा हादसे का डर बना रहता है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते बच्चे इसी जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
अभिभावकों ने विभाग के अधिकारियों से स्कूल भवन की मरम्मत करवाने की मांग की है। इस सरकारी स्कूल में करीब 150 बच्चे नामांकित हैं। इनमें से कई बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए स्कूल नहीं आते हैं। अगर आते भी हैं तो डर के कारण कक्षा में नहीं बैठते हैं। बरसात में परेशानी ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया तो यहां बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण कक्षा में पानी भर जाता है। इसके चलते बरसात के मौसम में कई बार यहां अघोषित अवकाश रहता है।स्कूल भवन की जर्जर हालत को लेकर कई बार शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की।
