पचपदरा में पीएम मोदी के दौरे को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आगामी 21 अप्रैल को पचपदरा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के औद्योगिक विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और इसे सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर मजबूत तैयारी आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन और जनसंपर्क को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित कर जिम्मेदारियां बांटी गई हैं।
पार्टी नेताओं के अनुसार, रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे राज्य के विकास और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भाजपा संगठन ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
