सीकर में खेत की खुदाई के दौरान बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप, पुलिस ने क्षेत्र को कराया सील
राजस्थान के सीकर शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब उद्योग नगर थाना क्षेत्र में रीको एरिया के पास एक खेत में खुदाई के दौरान बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना सामने आई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना उद्योग नगर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, खेत में जेसीबी से खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को जमीन के अंदर धातु से बनी एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसका आकार बम जैसा प्रतीत हो रहा था। वस्तु देखते ही मजदूरों में डर फैल गया और उन्होंने काम रोक दिया। आसपास के लोगों ने भी एहतियातन दूरी बना ली और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को खाली करवाया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने खुदाई वाले खड्डे को तुरंत बंद करवाया और आसपास पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। ताकि कोई भी व्यक्ति संदिग्ध वस्तु के पास न जा सके और किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बम निरोधक दस्ते और संबंधित विशेषज्ञों को भी सूचना दे दी गई है। संदिग्ध वस्तु की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वह वास्तव में विस्फोटक है या कोई पुराना कबाड़ या मशीन का हिस्सा। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई, हालांकि पुलिस ने लोगों को दूर रहने की अपील की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र के पास इस तरह की वस्तु मिलना चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन से पूरी जांच की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। यदि यह विस्फोटक सामग्री पाई जाती है तो उसके स्रोत और यहां तक पहुंचने की जांच भी की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बरती जा रही है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संदिग्ध वस्तु मिलने की इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
