Aapka Rajasthan

शेखावाटी में कड़ाके की सर्दी, एक दिन में 6 डिग्री गिरा पारा, सीकर में 1.7 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

 
शेखावाटी में कड़ाके की सर्दी, एक दिन में 6 डिग्री गिरा पारा, सीकर में 1.7 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

शेखावाटी अंचल में मंगलवार रात कड़ाके की सर्दी ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम के अचानक बदले मिजाज के चलते महज एक ही दिन में तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। ठंडी हवाओं और बढ़ती सर्दी के कारण शेखावाटी क्षेत्र इन दिनों प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बन गया है। सुबह के समय लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

सीकर में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान मात्र 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इतनी कम तापमान के कारण खुले में रखा पानी जमने की कगार पर पहुंच गया। ठंड का असर आम जनजीवन पर साफ नजर आया। सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही बेहद कम रही और लोग देर तक घरों में दुबके रहे। स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को भी खासा परेशानी का सामना करना पड़ा।

फतेहपुर इलाके में भी सर्दी के साथ घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत हुई। खेतों और खुले मैदानों में कोहरे की परत इतनी घनी रही कि दूर से पेड़-पौधे भी साफ नजर नहीं आ रहे थे। कई जगहों पर मकड़ी के जालों पर जमी ओस की बूंदें बर्फ जैसी चमकती नजर आईं, जो सर्दी की तीव्रता को बयां कर रही थीं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के असर से शेखावाटी क्षेत्र में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। इससे ठंड और तेज हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

किसानों के लिए यह मौसम जहां रबी फसलों के लिहाज से फायदेमंद माना जा रहा है, वहीं अत्यधिक ठंड और कोहरे से फसलों पर पाला पड़ने का खतरा भी बना हुआ है। कृषि विभाग ने किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।