सीकर में कल पंचायतीराज चुनाव की लॉटरी, 49 जिला परिषद सदस्यों और 16 प्रधानों का आरक्षण तय होगा
सीकर जिले में निकाय चुनाव के बाद अब पंचायतीराज चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनावी माहौल अब शहरों से निकलकर गांवों तक पहुंच गया है। सीकर में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए आरक्षण की लॉटरी कल सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में निकाली जाएगी। इस दौरान जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समितियों के प्रधान और सदस्यों की सीटों की आरक्षण श्रेणी तय की जाएगी।
लॉटरी प्रक्रिया के तहत सीकर जिले की 49 जिला परिषद सदस्य सीटों का आरक्षण निर्धारित होगा। इसके साथ ही जिले की 16 पंचायत समितियों के प्रधान पदों के लिए भी आरक्षण की श्रेणी तय की जाएगी। वहीं 16 पंचायत समितियों के कुल 304 सदस्यों की सीटों का कैटेगरी के अनुसार रिजर्वेशन भी लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
पंचायतीराज चुनाव की आरक्षण प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लॉटरी प्रक्रिया में अलग-अलग श्रेणियों के लिए सीटों का निर्धारण किया जाएगा। आरक्षण तय होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी समीकरण और संभावित दावेदारों की तस्वीर भी धीरे-धीरे साफ होने लगेगी।
शहरी निकाय चुनाव के बाद अब राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों का फोकस गांवों की ओर बढ़ गया है। जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान और सदस्य पदों के लिए दावेदारी को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद कई संभावित उम्मीदवार अपनी रणनीति में बदलाव कर सकते हैं।
लॉटरी के बाद संबंधित सीटों की आरक्षण श्रेणी स्पष्ट हो जाएगी। इसके साथ ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं और ग्रामीण स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। सीकर जिले में पंचायतीराज चुनाव को लेकर अब ग्रामीण इलाकों में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
