सीकर में बड़ी चोरी: खिड़की की जाली काटकर घर में घुसे चोर, 41 लाख की नकदी-जेवरात ले उड़े
राजस्थान के सीकर जिले के गोकुलपुरा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर की खिड़की की जाली काटकर अंदर घुसे और करीब 5 लाख रुपए की नकदी सहित 36 लाख रुपए के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। कुल चोरी की रकम करीब 41 लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के चौक में सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान की खिड़की की जाली काटकर अंदर दाखिल हो गए और कमरों में रखी नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर के सामान बिखरे पड़े मिले। अलमारी और अन्य स्थानों की जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले, जिसके बाद चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
सूचना पर गोकुलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
