सीकर में बारिश के बाद बढ़ी उमस, पारा गिरा; 24 घंटे में डेढ़ इंच तक बरसा पानी, आज बूंदाबांदी के आसार
सीकर में रविवार को बदले मौसम के बाद बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन सोमवार को बारिश के बाद उमस बढ़ गई। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। फतेहपुर शेखावाटी में 23 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
रविवार शाम सीकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में अचानक मौसम बदला। दोपहर तक तेज गर्मी और उमस के बाद शाम करीब 4:15 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक बारिश का दौर चला। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं, जिससे बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कुछ जगह बिजली के पोल और तार टूटने की घटनाएं सामने आईं।
बारिश के कारण दिन के तापमान में भी बदलाव आया। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले अधिकतम तापमान 36 डिग्री था। न्यूनतम तापमान भी 22.9 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी सीकर और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। सीकर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
रविवार को सीकर के फतेहपुर शेखावाटी के अलावा राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश और ओलावृष्टि हुई। बीकानेर और सीकर के कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरे। इससे मौसम में ठंडक बढ़ी और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।मौसम विभाग के मुताबिक 29 सितंबर को भी पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां सीमित होने और मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने का अनुमान है। फिलहाल सीकर में लोगों को उमस और बदलते मौसम का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
