शाकंभरी माता के दरबार पहुंचे हिमाचल के राज्यपाल, सपत्नीक की पूजा-अर्चना
राजस्थान के सीकर जिले के सकराय स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ शाकंभरी माता मंदिर में गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सपत्नीक पहुंचकर पूजा-अर्चना की और माता के दरबार में धोक लगाई। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अपने परिवार सहित विधिवत पूजा की और माता शाकंभरी से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके आगमन को लेकर मंदिर प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
पूजा-अर्चना का कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य केदार शर्मा और डॉ. सुमन शर्मा के सान्निध्य में संपन्न हुआ। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से पूजा करवाई, जिसमें राज्यपाल और उनके परिवार ने श्रद्धा के साथ भाग लिया।
इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी राज्यपाल के दर्शन किए और धार्मिक वातावरण में शामिल हुए। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मंदिर परिसर में पर्याप्त इंतजाम किए थे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
शाकंभरी माता मंदिर राजस्थान का एक प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। राज्यपाल के इस दौरे से मंदिर क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल रहा।
