खाटू श्याम भक्तों के लिए बड़ी खबर! अगले महीने इतने दिन नहीं मिलेंगे बाबा श्याम के दर्शन, जानिए क्या है वजह
विश्व प्रसिद्ध खाटू श्याम बाबा मंदिर को लेकर बड़ी खबर आ रही है। अगले महीने यानी सितंबर में मंदिर करीब दो दिन बंद रहेगा। अक्सर मंदिर श्रृंगार के लिए बंद रहता है, लेकिन कुछ घंटों बाद पट खोल दिए जाते हैं। लेकिन इस बार मंदिर करीब 42 घंटे बंद रहने वाला है और इस दौरान खाटू श्याम जी भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। इसे लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने एक पत्र जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि मंदिर को ज्यादा देर तक क्यों बंद रखा जा रहा है।
पहले जानिए कब तक बंद रहेगा मंदिर
मंदिर 6 सितंबर रात 10 बजे से 8 सितंबर शाम 5 बजे तक बंद रहेगा। प्रबंधन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। श्री श्याम मंदिर समिति के अनुसार, इस दौरान कोई भी मंदिर में दर्शन नहीं कर पाएगा, भक्तों से भी इस संबंध में सहयोग की अपील की गई है। हर दिन देश भर से लाखों भक्त खाटू श्याम के दर्शन के लिए आते हैं। ग्यारस और अन्य विशेष आयोजनों के दौरान यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
इस कारण मंदिर को अधिक दिनों के लिए बंद किया जा रहा है
दरअसल इस बार 7 सितंबर को पूर्ण चंद्रग्रहण लगने वाला है। ऐसे में मंदिर प्रबंधन 6 सितंबर की रात 10 बजे मंदिर को बंद कर देगा। 7 सितंबर को मंदिर में कोई विशेष पूजा, आरती या हवन नहीं किया जाएगा। ग्रहण के नियमों का पालन करते हुए मंदिर को पूरी तरह से शुद्ध भी रखा जाएगा। इसके बाद 8 सितंबर को सुबह मंदिर में स्नान के बाद श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और शाम को मंदिर भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा।
यह चंद्रग्रहण विशेष है, भारत में दिखाई देगा, राशियों पर पड़ेगा प्रभाव
दूसरी ओर, ज्योतिषियों की मानें तो 7 सितंबर को आने वाला चंद्रग्रहण भारत के कई राज्यों में दिखाई देगा। यह पूर्ण चंद्रग्रहण होगा और इसका राशियों पर भी प्रभाव पड़ेगा। ऐसे में ज्योतिषी लोगों को ग्रहण के शुभ-अशुभ परिणामों के लिए उपाय करने की सलाह भी देते हैं। यह सलाह हर राशि के अनुसार अलग-अलग होती है।
