Aapka Rajasthan

खाटूश्यामजी में कांग्रेस की विनीता पूनियां बनीं पालिकाध्यक्ष, 5 दिन बाद जारी हुआ रिजल्ट; एक पार्षद के लापता होने से अटका था चुनाव

 
खाटूश्यामजी में कांग्रेस की विनीता पूनियां बनीं पालिकाध्यक्ष, 5 दिन बाद जारी हुआ रिजल्ट; एक पार्षद के लापता होने से अटका था चुनाव

सीकर जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में नगर पालिका अध्यक्ष पद का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। कांग्रेस की विनीता पूनियां पालिकाध्यक्ष चुनी गई हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम करीब पांच दिन बाद जारी हुआ। एक कांग्रेस पार्षद के मतदान केंद्र पर नहीं पहुंचने के कारण चुनाव प्रक्रिया पहले अटक गई थी। इसके बाद मामला राजस्थान हाईकोर्ट तक पहुंचा और कोर्ट के आदेश के बाद पहले से डाले गए 19 मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किया गया।

दरअसल, खाटूश्यामजी नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को मतदान होना था। नगर पालिका में कुल 20 पार्षद हैं। मतदान के दौरान 19 पार्षदों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर दिया था, लेकिन वार्ड नंबर 10 की कांग्रेस पार्षद लक्ष्मी देवी मतदान केंद्र पर नहीं पहुंचीं। उनकी गैरमौजूदगी के कारण अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित नहीं हो सका और मतदान प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी।

इस घटनाक्रम के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान का समय बढ़ाया, लेकिन इसके बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। 19 पार्षदों के वोट वाली मतपेटी को सील कर सुरक्षित रख दिया गया। बाद में लक्ष्मी देवी को पुलिस ने दस्तयाब किया। उनके पति की ओर से अपहरण की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, हालांकि इस संबंध में लगाए गए आरोपों की अलग-अलग पक्षों से अलग व्याख्या सामने आई थी।

इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 25 सितंबर की तारीख तय की थी। हालांकि कांग्रेस की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी विनीता पूनियां ने इस प्रक्रिया को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी। उनका तर्क था कि जब 21 सितंबर को निर्धारित समय के दौरान 19 पार्षद मतदान कर चुके हैं, तो उन मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किया जाना चाहिए।

हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए 25 सितंबर को प्रस्तावित पुनर्मतदान पर रोक लगा दी और पहले से डाले गए 19 मतों की गिनती कर परिणाम घोषित करने का निर्देश दिया। कोर्ट के आदेश की प्रमाणित प्रति निर्वाचन अधिकारी को मिलने के बाद शनिवार को मतगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

खाटूश्यामजी नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की विनीता पूनियां और भाजपा की प्रेम देवी रुलानिया के बीच मुकाबला था। बोर्ड में कांग्रेस और भाजपा के पास 8-8 पार्षद हैं, जबकि तीन निर्दलीय और एक आरएलपी पार्षद भी हैं। ऐसे में हर वोट का महत्व बढ़ गया था और एक पार्षद की अनुपस्थिति के कारण पूरी चुनाव प्रक्रिया कई दिनों तक अटकी रही।

अब 19 मतों की गिनती के बाद कांग्रेस की विनीता पूनियां को पालिकाध्यक्ष घोषित किया गया है। इस तरह 21 सितंबर को शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया का परिणाम पांच दिन बाद सामने आया और खाटूश्यामजी नगर पालिका को नया अध्यक्ष मिल गया।