Aapka Rajasthan

Sawaimadhopur बारिश का असर, रणथम्भौर में बहने लगे झरने, छाई हरियाली

 
Sawaimadhopur बारिश का असर, रणथम्भौर में बहने लगे झरने, छाई हरियाली

सवाईमाधोपुर न्यूज़ डेस्क, सवाईमाधोपुर पहाड़ियों पर बहते झरने बरबस ही सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। शनिवार को रणथम्भौर के जोन नंबर छह और एक के बीच स्थित सोलेश्वर महादेव झरना पूरे शबाब के साथ बहने लगा। झरने का प्रवाह बहुत तेज था। यहां पर यह झरना अपने पूरे प्रवाह से बह रहा है। यह झरना यहां पर करीब 10 से 15 इंच पानी के साथ बह रहा है। उल्लेखनीय है कि सोलेश्वर महादेव रणथम्भौर के टॉप पर स्थित है। जिसकी ऊंचाई करीब 450 फिट है।

यहां पहाड़ी से बहने वाले झरने का पानी गौमुख से आकर भगवान शिव का प्राकृतिक रूप से जलाभिषेक करता है। यह जलाभिषेक का दृश्य आने वाले श्रद्धालुओं का मन मोह लेता है। सवाई माधोपुर में सोलेश्वर महादेव की लोकप्रियता बहुत ज्यादा है। इसका एक कारण इसकी प्राकृतिक सुंदरता भी है। पहाड़ी के ऊपर से रणथम्भौर के पूरे जंगल का नजारा देखा जा सकता है। जिसकी वजह से सोलेश्वर खासा लोकप्रिय है। यहां पहुंचने से पहले वन विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है। यह टाइगर टेरीटरी के बीच स्थित है।

जिसकी वजह से यहां अकेले जाना खतरनाक भी साबित हो सकता है। यहां जाने के लिए रणथम्भौर के पास स्थित बोदल गांव से पैदल रास्ता जाता है। जहां पर साल में एक बार मेला भी लगता है। जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही रणथम्भौर में रौनक छाने लगी है। सीजन के शुरुआत में ही अच्छी बारिश के होने से रणथम्भौर की वादियों में हरियाली छा गई। बारिश के साथ ही रणथम्भौर की पहाड़ियों से निकलने वाले झरने शबाब पर है।