पंचायत चुनाव: पांच या अधिक लोगों के एक साथ जुटने पर रोक, 24 से 28 नवंबर तक निषेधाज्ञा लागू
राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान के निर्वाचन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सवाई माधोपुर जिले में 24 से 28 नवंबर तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह के विवाद या अप्रिय स्थिति को रोकना है।
आमसभा, जुलूस और सामूहिक आयोजनों पर रोक
जारी आदेश के अनुसार, निषेधाज्ञा की अवधि में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, आमसभा करने, जुलूस निकालने और सभाओं के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधिकारियों और अधिकृत चुनाव कर्मचारियों को छोड़कर अन्य लोगों के मोबाइल फोन, सेलुलर फोन और वायरलेस उपकरणों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है।
इसके अलावा निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी भी व्यक्ति, राजनीतिक दल, प्रत्याशी या उनके समर्थकों की ओर से विजय जुलूस, समारोह, सभा और सामूहिक आयोजन नहीं किए जा सकेंगे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों की पालना सुनिश्चित कराने और आमजन को प्रतिबंधों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
25 से 28 नवंबर तक होंगे चुनाव
पंचायतीराज संस्थाओं में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम तय किया गया है। इसके तहत 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव कराया जाएगा।
प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 223 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे चुनाव के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
