साइबर फ्रॉड मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
सवाई माधोपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऑपरेशन शिकंजा के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्योजीराम मीणा (28) पुत्र आशाराम मीणा निवासी धमूण खुर्द के रूप में हुई है। आरोपी साइबर धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
कोतवाली थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से साइबर फ्रॉड से जुड़े मामलों में पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ पहले से दर्ज प्रकरणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। वहीं आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
