Aapka Rajasthan

Rajsamand 32.5 किमी बहकर राजसमंद झील पहुंचा नंदसमंद का पानी

 
Rajsamand 32.5 किमी बहकर राजसमंद झील पहुंचा नंदसमंद का पानी

राजसमंद न्यूज़ डेस्क, राजसमंद के लोगों के अच्छी खुशखबर है। गोमती से पानी की आवक शुरू होने के बाद अब शनिवार को सुबह 8 बजे खारी फीडर भी खोल दी गई है। इससे देरशाम तक पानी झील में पहुंच गया। इससे राजसमंद झील के जलस्तर में बढ़ोतरी होगी। पिछले एक सप्ताह से अच्छी बारिश का दौर जारी रहने के कारण बाघेरी का नाका छलकने के बाद नंदसमंद बांध भी शुक्रवार को सुबह छलक गया था। इसका पानी बनास नदी में जा रहा है। सिंचाई विभाग ने शनिवार को सुबह आठ बजे खारी फीडर खोल दी है। करीब 32.5 किमी से खारी फीडर के माध्यम से पानी देरशाम राजसमंद झील में पहुंचा। खारी फीडर में पानी की आवक शुरू होने की जानकारी मिलते ही कई स्थानों पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। राजसमंद झील में खारी फीडर से पानी की आवक से जलस्तर में बढ़ोतरी होगी। सिंचाई विभाग के एक्सईएन प्रतीक चौधरी ने बताया कि खारी फीडर को आधा खोला गया है, एक बार झील में पहुंचने बाद इसका वेग बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे वेग से पानी आने पर 400 क्यूसेक प्रतिदिन पानी की आवक होगी। उल्लेखनीय है कि पिछले साल तीन बार खारी फीडर खोली गई थी, गोमती और खारी फीडर से पानी की अच्छी आवक होने पर झील छलकी थी।

बनास नदी में पानी का वेग बढ़ा

मोही. कस्बे के समीप स्थित बनास नदी में शनिवार को पानी का वेग बढ़ गया, जिस पर नदी का वेग देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शुक्रवार को नंदसमंद बांध के ओवरलो होने के बाद बांध का पानी बनास में आने से नदी में पानी का वेग एकाएक बढ गया है। ऐसे में ग्रामीणों को पता लगते ही नदी पर लोगों की भीड़ जुट गई। नदी की रपट पर सुबह से लेकर देर शाम तक लोगों का आना-जाना लगा रहने से रौनक बनी रही।

हाइवे पर आया पानी

नाथद्वारा. शहर एवं आसपास के क्षेत्र में शनिवार को अपरान्ह के बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ। इसमें शहर के समीप लालमादड़ी एवं राबचा क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। इसके चलते उदयपुर की ओर जा रहे फोरलेन पर भी काफी पानी जमा हो गया। लगभग डेढ़ घंटे तक तेज बारिश का दौर चला।

मातृकुंडिया बांध का जलस्तर आठ फीट पहुंचा

रेलमगरा. बाघेरी के बाद नंदसमंद के ऑवरलो होने से रेलमगरा क्षेत्र की लाइफ लाइन कही जाने वाली बनास नदी में पानी का बहाव होने की उमीदें जाग गई है। नंदसमंद बांध छलकने से पानी धीमी गति से आगे बढ रहा है। गिलूण्ड एवं आसपास के क्षेत्र में विगत दिनों हुई बारिश के बाद कैचमेंट एरिया से बहकर निकले बरसाती पानी से मातृकुण्डिया बांध का जल स्तर शनिवार शाम तक 8 फीट तक पहुंच गया। कुल 22.6 फीट भराव क्षमता वाले इस बांध के नदी में पानी का बहाव होने से भरने की उमीदें बढी है। बनास नदी किनारों के गांवों के ग्रामीणों ने नंदसमंद से बनास नदी में पानी छोड़ने की मांग की है।