Aapka Rajasthan

Rajsamand खनन माफियाओं ने खोद डाली पहाड़ी, फेल्सपार गायब

 
Rajsamand खनन माफियाओं ने खोद डाली पहाड़ी, फेल्सपार गायब
राजसमंद न्यूज़ डेस्क, राजसमंद  में खनन माफियाओं ने खोद डाली पहाड़ी। जिला मुख्यालय से महज 10 किमी दूर केलवा खनन क्षेत्र में अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। खनन माफियाओं ने यहां से लाखों रुपए का फेल्सपार पत्थर गायब कर दिया है। कई शिकायतों के बाद खनिज विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंची, लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया। हर बार कार्रवाई की भनक लगते ही खनन माफिया मौके से भाग जाते हैं। टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही खनन में प्रयुक्त मशीनें भी गायब हो जाती हैं। इस कारण अभी तक कोई पकड़ा नहीं जा सका है।

खनन माफियाओं का आतंक है। खनन माफियाओं के कारनामों की बात करें तो बेखौफ खनन माफियाओं ने केलवा चौपाटी एनएच-8 फोरलेन के पास हिम्मत पुरा जोलाई मार्ग पर दीनदयाल हनुमान जी मंदिर के पास की पहाड़ी को 80 से 100 फीट तक खोदकर करोड़ों का फेल्सपार पत्थर बेच दिया। इसके अलावा आसपास अन्य पहाड़ियां भी हैं, जिनसे भी फेल्सपार निकाला गया। इस संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। खनन माफियाओं का इतना आतंक है कि कोई भी इनके खिलाफ आवाज नहीं उठाता। इससे इनके हौसले बुलंद हैं।

अवैध खनन का मामला जब ललित बाछड़ा खनिज अभियंता द्वितीय खान एवं भूविज्ञान राजसमंद को बताया गया तो उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो अवैध खनन का खुलासा हुआ। इसके बाद खनिज विभाग की ओर से ग्राम पंचायत केलवा के ग्राम विकास अधिकारी को अवैध खनन कर फेल्सपार चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने के लिए पत्र लिखा गया। जिसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. भंवरलाल ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिली हैं। जल्द ही खनिज विभाग व अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर अवैध खनन रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।