Aapka Rajasthan

Rajsamand इस शहर में 71 दिन बाद भी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा ये काम

 
Rajsamand  इस शहर में 71 दिन बाद भी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा ये काम

राजसमंद न्यूज़ डेस्क,  जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन को शुरू हुए 71 दिन से अधिक होने के बावजूद अब तक मात्र 78 काश्तकारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। ऐसे में खरीद तक शुरू नहीं हो सकी है। जबकि नए गेहूं की कटाई के बाद मंडी में आवक शुरू हो गई है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार प्रदेश में आएमएस 2024-25 के दौरान समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का कार्य 10 मार्च से 30 जून तक होगा। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए पंजीयन का कार्य 20 जनवरी से जारी है, इसके बावजूद अभी तक जिले में सिर्फ 78 काश्तकारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। रजिस्ट्रेशन को बढ़ाने के लिए अब तक किए गए प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। इसके कारण अब तक खरीद भी शुरू नहीं हो सकी है। उल्लेखनीय है कि खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन 20 जनवरी से 25 जून तक सुबह 7 से शाम 7 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन होंगे। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

रजिस्ट्रेशन की स्थिति पर एक नजर
जिले के कांकरोली में सर्वाधिक 36 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इसी प्रकार कुंवारिया में 03, नाथद्वारा में 03, पीपली डोडियाना में 18, मदारा में 06, रेलमगरा में 3, कुरज 06, राज्यावास में 03 काश्तकारों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इसी प्रकार ओड़ा, कोटड़ी में खाता तक नहीं खुला है।

30-35 प्रतिशत से अधिक हुई कटाई
जिले में इस बार गेहूं की बुवाई 31500 हेक्टेयर में हुई थी। इसमें अब तक 30 से 35 प्रतिशत फसल की कटाई ुपूरी हो गई है। शेष गेहूं की कटाई आगामी 15 दिनों में पूरी होने की उम्मीद है। अगेती फसल का गेहूं मंडी में पहुंचने लग गया है। आगामी एक सप्ताह में इसमें और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

भावों में कमी की उम्मीद
जानकारों के अनुसार वर्तमान में मंडी में गेहूं का भाव 2400 से 2700 रुपए क्विंटल के बीच चल रहा है। हरियाणा और पंजाब आदि में एक अप्रेल से गेहूं की खरीद शुरू होगी। वहां पर 2275 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीद होगी। इसके कारण राजस्थान में गेहूं के भाव में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन की संख्या बढऩे की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भाजपा सरकार की ओर से 125 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बोनस दिया जा रहा है।

पिछले साल भी नहीं हुए थे रजिस्ट्रेशन
मंडी के जानकारों के अनुसार पिछले साल भी रबी फसल के तहत गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद की प्रक्रिया की गई थी, लेकिन नाममात्र के रजिस्ट्रेशन होने के कारण खरीद नहीं हो सकी थी। इसका कारण भी मंडी में गेहूं की अच्छी रेट मिलना माना गया था।

जिले में अब तक 78 ने कराया रजिस्ट्रेशन
समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में अब तक 78 काश्तकारों के रजिस्ट्रेशन हुए हैं। समर्थन मूल्य पर 10 मार्च से शुरू होने थी।