Aapka Rajasthan

Rajsamand जिले के अधिकांश आंगनबाड़ी केन्द्रों को मिले गैस कनेक्शन

 
Rajsamand जिले के अधिकांश आंगनबाड़ी केन्द्रों को मिले गैस कनेक्शन

राजसमंद न्यूज़ डेस्क, राजसमंद  जिलेभर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों को केन्द्रों पर ही बना गर्म पोषाहार मिलेगा। पहले सहायिका घर से बनाकर लाती या केन्द्र पर चूल्हे आदि पर बनाया जाता था। इससे परेशानी का सामना करना पड़ता था। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन किया जाता है। केन्द्रों पर 3 से 6 साल तक के बच्चों को प्री-स्कूल एज्युकेशन दी जाती है। केन्द्रों पर आने वाले बच्चों को पोषाहार उपलब्ध कराया जाता है। इसमें गर्म और सूखा पोषाहार शामिल है। पोषाहार बच्चों की ग्रोथ के लिए फायदेमंद होता है। गर्म पोषाहार सहायिका अपने घर से बनाकर लाती थी, जिसे बच्चों को दोपहर में दिया जाता था। इससे वह ठंडा हो जाता था। ऐसे में सरकार की ओर से प्रत्येक केन्द्र पर गैस कनेक्शन के लिए 5300 रुपए दिए गए। इससे अब तक जिले के 1154 केन्द्रों पर गैस कनेक्शन लग गए हैं। गैस पर बच्चों के लिए पोषाहार आदि भी बनने लग गया है।

यह दिया जाता पोषाहार

केन्द्रों पर आने वाले बच्चों को नाश्ते में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मीठा मुरमुरा दिया जाता है। इसी प्रकार मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को नमकीन मुरमुरा दिया जाता है। इसी प्रकार भोजन में सोमवार और गुरुवार को फोर्टिफाइड मूंगदाल, चावल, खिचड़ी, मंगलवार और शुक्रवार को फोर्टिफाइड न्यूट्री मीठा दलिया, बुधवार और शनिवार को फोर्टिफाइड उपमा प्रिमिक्स मीठा-नमकीन दलिया दिया जाता है।

परियोजना का नाम केन्द्रों की संख्या बच्चो की संख्या गैस कनेक्शन

आमेट 150 3205 147

भीम 157 3866 155

देवगढ़ 125 3562 125

खमनोर 213 4825 212

कुंभलगढ़ 175 4403 175

रेलमगरा 129 3101 126

राजसमंद 218 3867 214

कुल 1167 26829 1154